म्युचुअल फंड्स से पैसे कैसे निकालें?
म्युचुअल फंड्स से पैसे निकालने के तरीके
म्यूचुअल फंड्स की एक बड़ी अच्छी खूबी यह है कि इसमें पैसा निकालना बड़ा ही आसान होता है. जितनी आसानी से आप इसमें इन्वेस्ट कर सकते हैं, तकरीबन उतनी ही आसानी से फंड से अपना पैसा निकाल यानी रिडीम भी सकते हैं. आज ज्यादातर म्यूचुअल फंडों में रिडम्पशन की सुविधा ऑफलाइन के अलावा ऑनलाइन भी उपलब्ध है. म्युचूअल फंड स्कीम्स से पैसा निकालने के कई तरीके हैं,तो आईए जानते हैं कि हम अपने म्युचुअल फंड्स में निवेश किए हुए धनराशि अथवा फंड यूनिट्स को किस-किस तरह से निकाल सकते हैं?
ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी(AMC) के माध्यम से निकालना
यदि अपने फंड की यूनिटें सीधे म्यूचुअल फंड हाउस यानी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) से खरीद कर निवेश किया है, तो आपको कंपनी के पोर्टल पर लॉग-इन करने के लिए एक आईडी और पासवर्ड दिया गया होगा. पोर्टल में लॉग-इन करके आप ऑनलाइन ही मनचाही संख्या में फंड यूनिट को आसानी से रिडीम कर अपना पैसा निकाल सकते हैं।
आप चाहें तो अपनी सभी यूनिट्स (यदि लॉक-इन पीरियड में नहीं हैं) को रिडीम कर सकते हैं या फिर उनमें से केवल कुछ यूनिट्स को रिडीम कर बाकी को जारी रख सकते हैं. सभी यूनिट्स रिडीम करने पर आपका अकाउंट बंद हो जाएगा, पर कुछ ही यूनिट को रिडीम करने पर बाकी बची यूनिट्स उसी प्रकार निवेशित रहेंगी. इसके अलावा आप एएमसी के कार्यालय जाकर रिडेंप्शन फॉर्म जमा कर भी रिडीम कर सकते हैं।
एजेंट के जरिये निकालना
यदि आपने किसी एजेंट के माध्यम से फंड में निवेश किया है, तो एजेंट के माध्यम से ही रिडम्पशन भी कर सकते हैं. इसके लिए आपको रिडेंप्शन फॉर्म भरकर एजेंट को या उसके कार्यालय में देना होगा. इसमें स्कीम का नाम, फोलियो नंबर के साथ-साथ यूनिट्स की संख्या आदि की जानकारी देनी होगी. एजेंट आपके फार्म को ऐसेट कंपनी के पास भेज देगा, जिसके बाद रिडंप्शन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. रिडंप्शन की राशि या तो एनईएफटी के माध्यम से आपके खाते में डाल दी जाएगी या आपके दिए गए पते पर चेक भेज दिया जाएगा।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से
आपने अगर सीधे एमएससी या किसी एजेंट से फंड यूनिट्स लेने के बजाय किसी इंवेस्टमेंट प्लेटफॉर्म, ऐप या ऑनलाइन फंड हाउस पार्टनर पोर्टल के माध्यम से फंड में निवेश किया है आजकल इसका चलन बहुत ज्यादा है (जैसे-शेयरखान, एंजल ब्रोकिंग, जीरोधा, वेल्थी, ग्रो एनजे वेल्थ और अप्सस्टॉक्स)तो इसमें आपको रिडम्पशन रिक्वेस्ट की भी सुविधा दी गई होगी. इसकी प्रक्रिया भी ऑनलाइन और काफी सरल होती है. इसके जरिये लॉग-इन करके भी आप फंड को रिडीम कर सकते हैं. रिक्वेस्ट प्रोसेस होने के बाद आपकी धनराशि लिंक किए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
ट्रेडिंग या डी-मैट अकाउंट से निकासी
यदि म्यूचुअल फंड की यूनिट्स को आपने अपने डीमैट या ट्रेडिंग अकाउंट से खरीदा होगा तो रिडम्पशन इसी अकाउंट के यूनिट्स की बिक्री करके हो जाएगा. जैसे ही ऑनलाइन ट्रेडिंग प्रक्रिया पूरी हो जाती है, रकम को डीमैट खाते में रजिस्टर्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाता है।
एजेंसियों के जरिये निकासी
कंप्यूटर एज मैनेजमेंट सर्विसेज़ (सीएएमएस) और कार्वी कंप्यूटर शेयर जैसी एजेंसियां विभिन्न म्यूचुअल फंडों के निवेशकों को अपने कार्यालय से ही कई फंड को रिडीम करने की सुविधा उपलब्ध कराती है. इसमें रिडम्पशन फॉर्म डाउनलोड कर भरा हुआ फार्म कंपनी के ऑफिस में जमा करके निकासी की जा सकती है. रिडम्पशन फार्म जमा करने के उसे वेरीफाई किया जाता है. इसके बाद 2-4 दिनों के भीतर भुगतान निवेशक के रजिस्टर्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है. या दिए गए पते पर चेक भेज दिया जाता है।
धनराशि की निकासी में इस बात का रखें खास ख्याल
म्यूचुअल फंड से रकम की निकासी में ध्यान रखने वाली बात यह है कि अगर आपने इक्विटी फंडों में निवेश किया है और 365 दिनों के भीतर रकम निकाल रहे हैं, तब आपको एक फीसदी एक्जिट लोड देना पड़ेगा. हालांकि लिक्विड फंड, अल्ट्रा शॉर्ट टर्म फंड्स आदि पर एग्जिट लोड नहीं लगता। जब भी आप अपने फंड्स को रिडीम करते हैं उससे 2 से 5 कार्य दिवस के भीतर आपके अकाउंट में निकासी रकम को क्रेडिट कर दिया जाता है।

Post a Comment